news-details

भीषण गर्मी का प्रकोप ,लू के थपेड़ों से बेहाल लोग

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Kanpur

तेज धूप और बढ़ते तापमान ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। सुबह से ही चिलचिलाती धूप निकलने के कारण तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे दिन में बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। आमजन को भीषण गर्मी और गर्म हवाओं का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.2 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने से रात में भी गर्मी का असर बना हुआ है। दिन के साथ-साथ रात में भी लोगों को राहत नहीं मिल रही है।चिलचिलाती धूप के कारण सड़कों पर निकलने वाले लोग अपने चेहरे को कपड़े से ढककर ही बाहर निकल रहे हैं। स्कूल से लौटते समय बच्चे भी सिर पर कपड़ा रखकर धूप से बचने की कोशिश करते नजर आए। दोपहर के समय लू जैसी गर्म हवाओं के थपेड़ों ने हालात और ज्यादा कठिन बना दिए, जिससे बाहर निकलना किसी चुनौती से कम नहीं रहा।गर्मी से राहत पाने के लिए लोग ठंडे पेय पदार्थों का सहारा ले रहे हैं। शहर के बाजारों और चौराहों पर शिकंजी और गन्ने के रस की दुकानों पर भीड़ देखने को मिल रही है।मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है। अगले 24 घंटों में तेज धूप के साथ लू जैसी हवाएं चलने की संभावना है और इस सप्ताह पारा 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।विशेषज्ञों के अनुसार राजस्थान के रेगिस्तानी इलाकों से आने वाली गर्म पश्चिमी हवाएं उत्तर भारत की ओर बढ़ रही हैं, जिससे तापमान में तेजी से वृद्धि हो रही है। वहीं हिमालय से आने वाली ठंडी हवाएं कमजोर पड़ने के कारण गर्मी को नियंत्रित करने वाला प्रभाव कम हो गया है। आसमान साफ रहने से सूरज की किरणें सीधे पड़ रही हैं, जिससे गर्मी और तेज हो गई है।डॉक्टरों ने लोगों को सलाह दी है कि लू से बचाव के लिए समय-समय पर पानी पीते रहें, हल्के सूती कपड़े पहनें और दोपहर के समय बाहर निकलने से बचें। साथ ही यदि चक्कर, सिरदर्द या कमजोरी महसूस हो तो तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें।

भीषण गर्मी और 'लू' से बचाव के लिए करें यह उपाय

  • प्यास न लगने पर भी थोड़े-थोड़े अंतराल में पानी पीते रहें।
  • ओआरएस (ORS), लस्सी, नींबू-पानी, छाछ और सत्तू का सेवन करें।
  • ज्यादा तेल-मसाले और बाहर के खाने से परहेज करें।
  • हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनें ताकि हवा लगती रहे।
  • बाहर जाते समय टोपी, चश्मा, छतरी या तौलिए का इस्तेमाल करें।
  • दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच बाहर निकलने से बचें।
  • त्वचा को धूप से बचाने के लिए सनस्क्रीन या एलोवेरा जेल लगाएं।
  • दिन के समय खिड़कियों पर पर्दे डालें ताकि सीधी धूप अंदर न आए।
  • अगर बहुत ज्यादा गर्मी हो, तो खिड़की पर गीली चादर टांग दें।
  • सिरदर्द, चक्कर आना या तेज बुखार जैसे लक्षण दिखें, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।