
Pardarshi Vikas News Kanpur
अप्रैल महीने में ही मई-जून जैसी भीषण गर्मी का असर देखने को मिल रहा है। लगातार बढ़ते तापमान ने पिछले 18 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। शुक्रवार को सीएसए वेदर स्टेशन में अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 2 डिग्री अधिक है। इससे पहले वर्ष 2008 में अप्रैल में तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था। एयरफोर्स स्टेशन पर पारा 43 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों तक लू चलने की संभावना है, जिससे गर्मी और तेज हो सकती है।सुबह से ही तेज धूप लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है, जबकि दोपहर में चलने वाली गर्म हवाएं और लू के थपेड़े जनजीवन को प्रभावित कर रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि दिन के समय बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। गर्मी से राहत पाने के लिए लोग टोपी, गमछा और चश्मे का सहारा ले रहे हैं, जबकि गन्ने के जूस और नारियल पानी की मांग बढ़ गई है।रात के समय भी राहत नहीं मिल रही है, न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि हो सकती है, हालांकि 27-28 अप्रैल के आसपास बादल छाने से हल्की राहत मिलने की संभावना जताई गई है।