
संजीव भारती
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। भाजपा में राकेश प्रताप सिंह की ज्वाइनिंग के बाद अमेठी और गौरीगंज विधानसभा सीटों पर टिकट को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। पिछले चुनाव में सपा प्रत्याशी राकेश प्रताप सिंह ने भाजपा के चंद्र प्रकाश मिश्र मटियारी को हराया था। अब दोनों नेताओं के एक ही पार्टी में आने से राजनीतिक समीकरण बदलने की चर्चा है। सवाल है कि पार्टी नेतृत्व दोनों को कैसे समायोजित करेगा। राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के बाद राकेश प्रताप सिंह को सपा ने बागी घोषित कर पार्टी से निष्कासित कर दिया था। बुधवार को उन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इसके बाद गौरीगंज में भी टिकट की दावेदारी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। अमेठी सीट पर पूर्व मंत्री अमीता सिंह, रश्मि सिंह, शाम्भवी सिंह, डॉ. संजय सिंह, राजेश अग्रहरि, काशी तिवारी, आकांक्षा सिंह, अमरेन्द्र सिंह पिंटू और सुधांशु शुक्ल समेत कई नाम चर्चा में हैं। शाम्भवी सिंह चुनाव लड़ने की घोषणा कर चुकी हैं। तिलोई में मंत्री राजा मयंकेश्वर शरण सिंह का दावा मजबूत माना जा रहा है, जबकि जगदीशपुर में विधायक सुरेश पासी के साथ उपमा सरोज और रचना कोरी भी दावेदार हैं। बसपा भी अमेठी से जितेन्द्र कुमार मिश्र को मैदान में उतारने की तैयारी में बताई जा रही है। वहीं, सपा की रणनीति कांग्रेस के साथ गठबंधन के समीकरणों पर निर्भर कर सकती है।