news-details

भाजपा की नई प्रदेश कार्यकारिणी से अमेठी गायब, राजनीतिक गलियारों में बढ़ी चर्चा

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS अमेठी। भारतीय जनता पार्टी की नई प्रदेश कार्यकारिणी में अमेठी जिले के किसी भी नेता को स्थान न मिलने से राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। कभी प्रदेश संगठन में मजबूत प्रतिनिधित्व रखने वाले अमेठी की नई टीम से अनुपस्थिति को आगामी विधानसभा चुनाव-2027 और लोकसभा चुनाव-2029 की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।अमेठी, जो लंबे समय तक कांग्रेस का गढ़ रही, वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के लिए ऐतिहासिक जीत का केंद्र बनी थी। तत्कालीन केंद्रीय मंत्री और भाजपा प्रत्याशी स्मृति ईरानी ने कांग्रेस के मजबूत किले को ध्वस्त करते हुए जीत दर्ज की थी। इसके बाद 2022 के विधानसभा चुनाव में अमेठी लोकसभा क्षेत्र की पांच में से तीन विधानसभा सीटों पर भाजपा ने जीत हासिल कर अपनी मजबूत पकड़ बनाई थी।पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी के कार्यकाल में अमेठी के वरिष्ठ नेता गोविंद नारायण शुक्ला लगातार दो कार्यकाल तक प्रदेश महामंत्री रहे, जबकि जगदीशपुर विधायक सुरेश पासी प्रदेश मंत्री के रूप में संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा चुके हैं। हालांकि, नए प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी द्वारा घोषित कार्यकारिणी में जिले के किसी भी नेता को शामिल नहीं किया गया।नई सूची सामने आने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं के बीच इसे लेकर विभिन्न तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि लोकसभा चुनाव में स्मृति ईरानी की हार के बाद भाजपा संगठन अमेठी को लेकर नई रणनीति पर काम कर रहा है। माना जा रहा है कि संगठन विस्तार या आगामी नियुक्तियों में जिले के नेताओं को नई जिम्मेदारियां दी जा सकती हैं।