
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। फैजुल्लागंज में बाढ़ का पानी उतरने के बाद प्रभावित परिवारों के सामने स्वच्छता और बीमारियों से बचाव की चुनौती बनी हुई है। समाजसेवी एवं बोरा फाउंडेशन की चेयरपर्सन बिंदु बोरा ने लोगों से स्वास्थ्य और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बाढ़ के बाद राशन वितरण के साथ साफ-सफाई और स्वास्थ्य संबंधी सहायता भी जरूरी है। बोरा फाउंडेशन की ओर से इस दिशा में जल्द पहल की जाएगी।बिंदु बोरा ने कहा कि दूषित पानी, गंदगी और जलभराव से संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। बच्चों और बुजुर्गों की विशेष देखभाल जरूरी है। उन्होंने स्वच्छ पेयजल का इस्तेमाल करने, भोजन से पहले हाथ धोने और घरों में साफ-सफाई रखने की सलाह दी। बुखार, उल्टी-दस्त या त्वचा संबंधी परेशानी होने पर तत्काल चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील भी की।उन्होंने जिला प्रशासन, नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग से सफाई, जल निकासी, मच्छर नियंत्रण और जागरूकता अभियान लगातार चलाने पर जोर दिया। बोरा फाउंडेशन के निदेशक वत्सल बोरा ने कहा कि प्रशासन और समाज के सामूहिक प्रयासों से प्रभावित परिवारों को सामान्य जीवन में लौटने में मदद मिलेगी।