
PARDARSHI VIKASH NEWS Banaras Hindu University के छात्रावासों में भोजन की गुणवत्ता को लेकर सवाल लगातार बढ़ते जा रहे हैं। बुधवार को खाने में छिपकली मिलने की घटना के बाद गुरुवार को न्यू पीएचडी गर्ल्स हॉस्टल में पराठे के अंदर शीशे का टुकड़ा मिलने का मामला सामने आया। छात्राओं ने आरोप लगाया कि खराब भोजन और लापरवाही की शिकायतें लगातार की जा रही हैं, लेकिन प्रशासन गंभीरता नहीं दिखा रहा है।छात्राओं के मुताबिक, पराठे में शीशा मिलने की जानकारी वार्डन को दी गई, लेकिन उन्होंने इसे सामान्य घटना बताते हुए ज्यादा ध्यान नहीं दिया। इससे छात्राओं में नाराजगी और बढ़ गई। बाद में वार्डन ने मेस मैनेजर से बात कर मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया।घटना के बाद छात्राओं ने हॉस्टल मेस की व्यवस्था और भोजन की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते सुधार नहीं किया गया तो किसी छात्रा की सेहत को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है। छात्राओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मेस संचालन की नियमित जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।