
PARDARSHI VIKASH NEWS प्रयागराज में कांग्रेस सांसद उज्ज्वल रमण सिंह को मंगलवार सुबह उनके आवास पर हाउस अरेस्ट कर दिया गया। अयोध्या में रामलला के दर्शन-पूजन के लिए रवाना होने से पहले ही प्रशासन ने अशोक नगर स्थित उनके घर के बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया और उन्हें बाहर निकलने से रोक दिया। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में पार्टी का प्रतिनिधिमंडल अयोध्या जाने वाला था, लेकिन अजय राय को अयोध्या में नजरबंद किए जाने के बाद प्रयागराज समेत कई जिलों में पुलिस सक्रिय हो गई। कांग्रेस के अनुसार प्रतिनिधिमंडल सुबह लखनऊ से रवाना होकर अयोध्या में रामलला के दर्शन कर प्रदेश और देश के जनकल्याण की कामना करने वाला था। इस प्रतिनिधिमंडल में सांसद किशोरी लाल शर्मा, राकेश राठौर, उज्ज्वल रमण सिंह, तनुज पुनिया, विधायक वीरेंद्र चौधरी, पूर्व सांसद पी.एल. पुनिया, पूर्व सांसद पी.एल. गौतम, पूर्व एमएलसी दीपक सिंह और पूर्व विधायक मीता गौतम शामिल थे। कांग्रेस ने इसे पूरी तरह धार्मिक कार्यक्रम बताते हुए पुलिस कार्रवाई पर आपत्ति जताई है। हालांकि, इस मामले में पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।