
PARDARSHI VIKAHS NEWS प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) ने सिविल लाइंस क्षेत्र में बिना अनुमति किए गए अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए एमजी मार्ग स्थित एक परिसर पर सीलिंग और ध्वस्तीकरण की तैयारी शुरू कर दी है। प्राधिकरण के अनुसार भूखंड संख्या 57 1/2 स्थित भवन में बिना प्रशासनिक स्वीकृति के निर्माण कराया गया था, जिसके संबंध में पहले नोटिस जारी कर निर्माण कार्य रोकने और बाद में अवैध हिस्से को हटाने के आदेश दिए गए थे। निर्धारित समय बीतने के बावजूद निर्माण नहीं हटाए जाने पर अब कार्रवाई का निर्णय लिया गया है। संबंधित परिसर में वर्तमान में बीयर और शराब की दुकान संचालित है, जिसे स्थानांतरित करने के लिए आबकारी विभाग को कई बार पत्र और अनुस्मारक भेजे गए, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। पीडीए का कहना है कि पर्याप्त अवसर दिए जाने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं होने पर अब नियमानुसार सीलिंग और ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि कार्रवाई के दौरान होने वाली किसी भी वित्तीय, व्यावसायिक या राजस्व हानि की जिम्मेदारी भवन स्वामी और संबंधित विभाग की होगी, न कि पीडीए की।