
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। कोतवाली क्षेत्र के मोचवा ग्राम पंचायत के सुल्तानपुर गांव में सोमवार को सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने पहुंची राजस्व और पुलिस टीम को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। इस दौरान ग्रामीणों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई, जिससे कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। नायब तहसीलदार सुधीर श्रीवास्तव और अजय सिंह के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची थी। टीम ने जेसीबी मशीन की मदद से मुख्य मार्ग से सटी सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई के दौरान कुछ ग्रामीणों ने विरोध किया, जिसे पुलिस ने समझा-बुझाकर शांत कराया।प्रशासन के अनुसार, करीब 15 बिस्वा सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया, जिसमें लगभग 12 लोगों द्वारा छप्पर व अस्थायी निर्माण कर कब्जा किया गया था।नायब तहसीलदार ने बताया कि राजस्व अभिलेखों में भूमि सरकारी पाई गई थी, जिसके बाद नियमानुसार कार्रवाई की गई। वहीं कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि विरोध कर रहे कुछ लोगों को थाने लाकर समझाया गया और बाद में चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।