news-details

अपना दल (एस) का बड़ा शक्ति प्रदर्शन

You can share this post!


वक्त मत गंवाओ, निकल जाओ और कोहराम मचा दो" : अनुप्रिया पटेल

पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। अपना दल (एस) के संस्थापक डॉ. सोनेलाल पटेल की जयंती गुरुवार को राजधानी लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में 'जन स्वाभिमान दिवस' के रूप में मनाई गई। कार्यक्रम में पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने पिता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान प्रदेशभर से पहुंचे हजारों पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और समर्थक कार्यक्रम में शामिल हुए। पार्टी ने इसे संगठनात्मक एकजुटता और आगामी राजनीतिक रणनीति के प्रदर्शन के रूप में प्रस्तुत किया।कार्यक्रम के दौरान अनुप्रिया पटेल ने मंच से कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया और संगठन को गांव-गांव तक मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अपना दल (एस) का सफर अभी लंबा है और प्रत्येक कार्यकर्ता को नए सदस्यों को जोड़ने तथा पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए मिशन मोड में काम करना होगा।अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि एक समय राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा होती थी कि अपना दल का कोई भविष्य नहीं है, लेकिन कार्यकर्ताओं के समर्पण और जनता के विश्वास ने उस धारणा को गलत साबित कर दिया। उन्होंने कहा कि आज पार्टी लगातार विस्तार कर रही है और सामाजिक न्याय, पिछड़ों, दलितों तथा वंचित वर्गों की आवाज को मजबूती से उठा रही है।समारोह में अनुप्रिया पटेल ने मंच पर धनुष-बाण भी उठाया, जबकि कई कार्यकर्ताओं का विशेष सम्मान किया गया। एक कार्यकर्ता को चांदी का मुकुट पहनाकर सम्मानित किए जाने का दृश्य भी आकर्षण का केंद्र रहा। कार्यक्रम में उनकी छोटी बहन अमन पटेल भी मौजूद रहीं और उन्होंने भी डॉ. सोनेलाल पटेल के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान का जुपिटर हॉल कार्यकर्ताओं से खचाखच भरा रहा। प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे कार्यकर्ताओं ने पार्टी के झंडों और नारों के साथ उत्साह दिखाया। वक्ताओं ने डॉ. सोनेलाल पटेल के सामाजिक न्याय, समानता और स्वाभिमान के विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।अनुप्रिया पटेल ने अंत में कार्यकर्ताओं से कहा कि संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने सभी से आपसी एकजुटता बनाए रखते हुए बूथ स्तर तक संगठन का विस्तार करने और आगामी चुनावों के लिए पूरी ऊर्जा के साथ जुटने का आह्वान किया।

"अपना दल (एस) को अभी बहुत लंबा सफर तय करना है। हमें रुकना नहीं है और न ही समय गंवाना है। मैं सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान करती हूं कि गांव-गांव और बूथ-बूथ तक पहुंचकर नए सदस्यों को पार्टी से जोड़ें। एक समय लोग कहते थे कि अपना दल का कोई भविष्य नहीं है, लेकिन आप सभी की मेहनत और जनता के विश्वास ने उन धारणाओं को गलत साबित कर दिया। अब हमारा लक्ष्य संगठन को और मजबूत बनाना, सामाजिक न्याय की आवाज को बुलंद करना और अपना दल (एस) को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है। हम सभी को पूरी एकजुटता और समर्पण के साथ आगे बढ़ना होगा।"-अनुप्रिया पटेल