
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। भारतेन्दु नाट्य अकादमी, लखनऊ की स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने पर आयोजित राष्ट्रनायक नाट्य यात्रा के अंतर्गत शुक्रवार को जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर में ‘धरती आबा बिरसा मुंडा’ नाटक का मंचन किया गया। रंगयात्रा, लखनऊ की ओर से प्रस्तुत नाटक में जनजातीय नायक बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और देश के प्रति उनके योगदान को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया।चित्रा मोहन द्वारा लिखित और ज्ञानेश्वर मिश्र ‘ज्ञानी’ के निर्देशन में प्रस्तुत नाटक में अंग्रेजी शासन के विरुद्ध बिरसा मुंडा के संघर्ष, ‘उलगुलान’ आंदोलन तथा जल, जंगल और जमीन की रक्षा के संदेश को प्रमुखता दी गई। मंचन के माध्यम से जनजातीय समाज में आत्मसम्मान, अधिकारों और सांस्कृतिक पहचान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू, जिला विकास अधिकारी वीरभानु सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेश द्विवेदी और जिला पर्यटन अधिकारी पारिजात पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कलाकारों ने अपने अभिनय से बिरसा मुंडा के बलिदान और स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय नायकों के योगदान को जीवंत किया।