
पहले कब्रिस्तान की बाउंड्रीवाल की मांग
व्यापार मंडल अध्यक्ष महेश सोनी के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों ने SDM को सौंपा ज्ञापन
निजी फंड से निर्माण की चेतावनी

नगर पंचायत द्वारा प्रस्तावित तालाब सौंदर्यीकरण कार्य को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। वार्ड नंबर 3, कटरा राजा हिम्मत सिंह के सैकड़ों ग्रामीणों ने आज व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष महेश सोनी के नेतृत्व में एसडीएम प्रभारी को ज्ञापन सौंपा। नगरवासियों की मांग है कि तालाब सौंदर्यीकरण से पहले श्मशान एवं सार्वजनिक कब्रिस्तान की भूमि को सुरक्षित कर अलग सीमांकित किया जाए। उसके बाद ही बची हुई भूमि पर कोई योजना शुरू की जाए। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि सौंदर्यीकरण के नाम पर कब्रिस्तान की जमीन से छेड़छाड़ हो सकती है। ज्ञापन में बताया गया कि वर्ष 2020-21 में सार्वजनिक कब्रिस्तान और अंत्येष्टि स्थल के निर्माण व सुरक्षा के लिए शासन ने धनराशि स्वीकृत की थी। नगर पंचायत ने टेंडर भी कराया था। लेकिन कार्य शुरू होने के बाद केवल कुछ पिलर लगाकर निर्माण अधूरा छोड़ दिया गया। पांच साल बाद भी बाउंड्रीवाल नहीं बनी। इस पर जिलाध्यक्ष महेश सोनी ने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि यदि नगर पंचायत बाउंड्रीवाल का निर्माण पूर्ण नहीं कराती है तो वे अपने निजी फंड से शेष निर्माण करवाएंगे। उन्होंने आम जनता को आश्वस्त किया कि परेशान न हों। जनभावनाओं को शासन-प्रशासन तक मजबूती से पहुंचाकर जल्द निस्तारण कराया जाएगा। नगरवासियों की मांग है कि पहले सार्वजनिक कब्रिस्तान और अंत्येष्टि स्थल की विधिवत पैमाइश, सीमांकन और सुरक्षा कार्य पूरा किया जाए। उसके बाद ही तालाब सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जाए। एसडीएम ने मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।