
चौबेपुर थाना क्षेत्र स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-91 के अमिलिया कट पर सोमवार को पुलिस उपायुक्त पश्चिम कासिम आबिदी ने निरीक्षण किया। सड़क दुर्घटनाओं की लगातार घटनाओं को देखते हुए यह दौरा किया गया। इस दौरान पुलिस उपायुक्त यातायात तथा राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारी भी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने संयुक्त रूप से हाईवे कट की स्थिति, यातायात व्यवस्था और दुर्घटना संभावित स्थानों का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डीसीपी ने संबंधित विभागों को तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कट पर चेतावनी संकेतक बोर्ड लगाने, रात में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने और यातायात संचालन को बेहतर बनाने पर जोर दिया।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले इसी स्थान पर तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से दो महिलाओं की मौके पर मौत हो गई थी, जबकि एक युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। इस हादसे के बाद प्रशासन सतर्क हुआ है। डीसीपी ने कहा कि सड़क सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी और दुर्घटनाएं रोकने के लिए सभी विभाग समन्वय से कार्य करें।