
पारदर्शी विकास न्यूज़ उन्नाव। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के अयोध्या में त्रिशूल और चक्र धारण करने को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। उन्नाव की पुरवा विधानसभा सीट से भाजपा विधायक अनिल सिंह ने इस मुद्दे पर अखिलेश यादव पर तीखा निशाना साधा। पुरवा ब्लॉक मुख्यालय में आयोजित सेवा संकल्प कार्यक्रम के दौरान अनिल सिंह ने कहा कि एक हाथ में चक्र और दूसरे में त्रिशूल लेकर अखिलेश यादव खुद को भगवान समझने लगे हैं, जबकि इंसान कभी भगवान नहीं बन सकता। उन्होंने सपा अध्यक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि जो लोग पहले पूजा-पाठ नहीं करने की बात कहते थे, वे अब सुदर्शनधारी बनने का दिखावा कर रहे हैं। भाजपा विधायक ने अखिलेश यादव को चुनौती दी कि यदि वे असली यदुवंशी हैं, तो भगवान श्रीकृष्ण का मंदिर बनवाने का संकल्प लें। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने अखिलेश यादव को भगवान कृष्ण का नाम लेने के लिए मजबूर कर दिया है। साथ ही आरोप लगाया कि सपा अध्यक्ष वोटबैंक की राजनीति के चलते मुस्लिम समाज को भूल गए हैं। अनिल सिंह के इन बयानों से अखिलेश यादव के धार्मिक प्रतीकों को धारण करने का मुद्दा राजनीतिक चर्चा में आ गया है। इस दौरान विधायक ने सपा अध्यक्ष की राजनीति और उनके बदले हुए रुख पर भी सवाल उठाए।