
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। निजी शीतगृहों में आलू भंडारित करने वाले किसानों को उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से 100 रुपये प्रति कुंतल अनुदान दिया जाएगा। योजना की जानकारी देने के लिए गुरुवार को बघवरिया स्थित कामद कोल्ड स्टोरेज में किसान संगोष्ठी आयोजित की गई। जिला उद्यान अधिकारी रणविजय सिंह ने किसानों को योजना की पात्रता और आवेदन प्रक्रिया के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि किसान potato.uphorticulture.in पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। आवेदन के लिए आधार कार्ड या कृषक आईडी से ई-केवाईसी करानी होगी। इसके साथ बैंक पासबुक, नवीनतम खतौनी, आलू जमा रसीद, भंडारण शुल्क भुगतान रसीद और निकासी रसीद अपलोड करनी होगी। योजना के तहत प्रति किसान अधिकतम दो हेक्टेयर आलू रोपित क्षेत्र और 200 कुंतल आलू पर अनुदान मिलेगा। अनुदान की राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे किसानों के बैंक खाते में भेजी जाएगी। जिला उद्यान अधिकारी ने पात्र किसानों से शीघ्र पंजीकरण कराकर योजना का लाभ उठाने की अपील की। संगोष्ठी में किसानों को आवेदन संबंधी जानकारी भी दी गई।