
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ ने 60 से अधिक छात्र संख्या वाले सभी विद्यालयों में प्रधानाध्यापक नियुक्त करने की मांग की है। संघ ने महानिदेशक, स्कूल शिक्षा को मांग पत्र सौंपकर शिक्षकों की पदोन्नति प्रक्रिया में आरटीई अधिनियम के अनुरूप विसंगतियां दूर करने की अपील की।संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि पदोन्नति प्रक्रिया त्रिपुरारी दुबे वाद में न्यायालय के निर्णय के अनुरूप पूरी की जाए। साथ ही प्रत्येक विद्यालय में प्रधानाध्यापक की तैनाती सुनिश्चित हो। संघ ने जूनियर हाईस्कूलों में गणित-विज्ञान शिक्षकों की वरिष्ठता निर्धारण में स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने पर भी जोर दिया।संघ के अनुसार, सीधी भर्ती और पदोन्नति से नियुक्त शिक्षकों की प्रथम नियुक्ति तिथि में 18 से 20 वर्ष तक का अंतर होने से वरिष्ठता तय करने में असमंजस है। इस समस्या के समाधान के लिए अलग वरिष्ठता सूची तैयार करने और रोस्टर व्यवस्था लागू करने की मांग की गई है। संघ ने शासनादेश के अनुसार पदोन्नति प्रक्रिया पूरी कर शिक्षकों से जुड़ी विसंगतियों का शीघ्र समाधान करने का आग्रह किया।