
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) बहाली की मांग को लेकर अटेवा पेंशन बचाओ मंच की ओर से 25 सितंबर को लखनऊ में विशाल रैली प्रस्तावित है। रैली की तैयारियों को लेकर भादर ब्लॉक संसाधन केंद्र पर सोमवार को बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिक्षक-कर्मचारियों से बस और ट्रेन के माध्यम से समय से लखनऊ पहुंचने की अपील की गई। ऐसी तैयारियां प्रदेश के अन्य जिलों में भी चल रही हैं। देवांशु सिंह ने कहा कि 25 सितंबर की रैली केवल लखनऊ जाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि भविष्य, सम्मान और अधिकार से जुड़ा आंदोलन है। उन्होंने कहा कि संगठन एनपीएस और यूपीएस के स्थान पर पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने की मांग कर रहा है। उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष कपिलेश यादव ने पुरानी पेंशन को कर्मचारियों के बुढ़ापे का सहारा बताते हुए संघर्ष जारी रखने की बात कही। अवनीश वर्मा ने कहा कि शिक्षक और कर्मचारी अपनी मांग को लेकर एकजुट होकर आंदोलन में भागीदारी करें। बैठक में प्रमोद मिश्रा, सोम प्रकाश, विजय यादव, अखिलेश सिंह, प्रवीण सिंह, बृजभूषण सिंह समेत अन्य शिक्षक-कर्मचारी मौजूद रहे।