
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। किसानों को गुणवत्तायुक्त बीज निर्धारित दर पर उपलब्ध कराने के लिए जिलाधिकारी शशांक चौधरी के निर्देश पर शनिवार को जिले में सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया। कृषि विभाग और उपजिलाधिकारियों की संयुक्त टीमों ने 22 बीज बिक्री प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया तथा जांच के लिए बीज के 15 नमूने एकत्र किए।जिला कृषि अधिकारी देवेंद्र सिंह निरंजन ने बताया कि अभियान का उद्देश्य बीज की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, बिक्री दरों में पारदर्शिता बनाए रखने और नियमों का पालन कराना है। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठानों के अभिलेखों, स्टॉक बोर्ड और बीज की बिक्री दरों की जांच की गई। इस दौरान कुछ प्रतिष्ठानों पर अभिलेख अधूरे मिले, जबकि कई जगह रेट बोर्ड नहीं पाया गया। इन कमियों पर 10 बीज विक्रेताओं को चेतावनी जारी की गई।अधिकारियों ने सभी विक्रेताओं को आवश्यक अभिलेख अद्यतन रखने तथा स्टॉक बोर्ड पर बीज की उपलब्ध मात्रा और बिक्री दर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। जिला कृषि अधिकारी ने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बीज नियंत्रण आदेश, 1983 के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा के लिए निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा।