
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत शनिवार को संयुक्त जिला चिकित्सालय, गौरीगंज में कन्या जन्मोत्सव मनाया गया। कार्यक्रम में 21 नवजात बालिकाओं की माताओं को बेबी किट, कंबल, ऊनी वस्त्र और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि, जिलाधिकारी शशांक चौधरी और मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू ने संयुक्त रूप से माताओं को उपहार वितरित किए और बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।इस मौके पर जिलाधिकारी ने कहा कि कन्या जन्मोत्सव का उद्देश्य बेटियों के प्रति समाज में सम्मान, समानता और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना है। उन्होंने अभिभावकों से बेटियों को बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और सुरक्षित वातावरण देने की अपील की। उन्होंने कहा कि बेटियों को समान अवसर देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है।जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि ने कहा कि बेटियां परिवार, समाज और राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं। उनके सम्मान और सशक्तिकरण के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए।कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास से जुड़ी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। इस दौरान सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह, सीएमएस डॉ. बीपी अग्रवाल, जिला प्रोबेशन अधिकारी वीरेंद्र प्रताप वर्मा सहित स्वास्थ्यकर्मी और लाभार्थी परिवार मौजूद रहे।