
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक और विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक रहे अशोक सिंहल की जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर रविवार को गांधी नगर स्थित केशव स्मृति भवन का नाम बदलकर ‘श्री अशोक सिंहल स्मृति भवन’ कर दिया गया। इसी भवन में अशोक सिंहल ने 19 वर्षों तक निवास करते हुए संगठनात्मक कार्यों के साथ राष्ट्र और हिंदू समाज के लिए योगदान दिया था।इस अवसर पर भवन में पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। आरएसएस के प्रांत प्रचारक श्रीराम सहित स्वयंसेवकों और कार्यकर्ताओं ने अशोक सिंहल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। प्रांत प्रचारक श्रीराम ने कहा कि अशोक सिंहल ने अपना जीवन राष्ट्र और हिंदू समाज के उत्थान के लिए समर्पित किया। उनका त्याग, संगठन के प्रति निष्ठा और राष्ट्रसेवा का भाव स्वयंसेवकों के लिए प्रेरणास्रोत है।कार्यक्रम में उनके साथ लंबे समय तक काम कर चुके पुराने स्वयंसेवक भी पहुंचे। ज्ञानेंद्र मिश्र, दीपक राजे, जगन्नाथ गुप्ता और अरविंद मेहरोत्रा सहित अन्य लोगों ने उनसे जुड़ी स्मृतियां साझा कीं। भवन परिसर में भगवा ध्वज लगाए गए और अशोक सिंहल के चित्रों से सजावट की गई।कार्यक्रम में आरएसएस के प्रांत संघचालक भवानी भीख, क्षेत्र प्रचारक प्रमुख राजेंद्र जी, प्रांत कार्यवाह रामकेश जी, विभाग प्रचारक बैरिस्टर जी, प्रांत प्रचार प्रमुख डॉ. अनुपम जी, विभाग कार्यवाह साहब लाल, सह विभाग कार्यवाह अंकुर दीक्षित, विभाग प्रचार प्रमुख आशीष प्रताप सिंह, भाग प्रचारक शिवकेश जी, उपेंद्र जी, भाग कार्यवाह शंभू जी, भाजपा की क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सीए नीतू सिंह सहित अनेक स्वयंसेवक एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।