news-details

113 शिकायतें पहुंचीं सम्पूर्ण समाधान दिवस में, 7 का मौके पर निस्तारण

You can share this post!

 

 

नौशेर अंसारी 

पारदर्शी विकास ब्यूरो खड्डा, कुशीनगर। तहसील खड्डा सभागार में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता तथा पुलिस अधीक्षक केशव कुमार की उपस्थिति में जनसामान्य की समस्याएं सुनी गईं। अधिकारियों ने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण का भरोसा दिलाया।जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं का प्रभावी समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों का स्थलीय सत्यापन कर निष्पक्ष, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की शिथिलता या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने कानून-व्यवस्था एवं जनसुरक्षा से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि भूमि विवाद, आपसी विवाद तथा अन्य संवेदनशील मामलों में पुलिस और राजस्व विभाग समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्रवाई करें, जिससे लोगों को समय पर न्याय मिल सके।सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 113 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 7 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष 106 प्रकरणों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया। प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग के 38, पुलिस विभाग के 19, संयुक्त पुलिस-राजस्व के 6, विकास विभाग के 16 तथा अन्य विभागों के 34 मामले शामिल रहे।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा पात्र लोगों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए।इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी, उप जिलाधिकारी खड्डा, परियोजना निदेशक, जिला विकास अधिकारी, क्षेत्राधिकारी खड्डा, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।